Thursday, November 19, 2026
spot_img

Latest Posts

बेसहारा बेटी की पुकार पर पसीजा सीएम मोहन यादव का दिल, बुलाकर सुनी फरियाद, रोते हुए वीडियो हुआ था वायरल

नेहा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलने के लिए मनासा पहुंचीं। उन्होंने रोते हुए मुख्यमंत्री से अपनी शिकायत सुनने की गुहार लगाई। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने उन्हें सुरक्षा घेरे पर ही रोक दिया और आगे नहीं जाने दिया। नेहा ने कहा कि जब कोई उनकी बात नहीं सुन रहा है, तो वे किसके पास जाएं, उन्हें समझ नहीं आ रहा।
नीमच जिले के मनासा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे के दौरान एक ऐसा भावुक कर देने वाला घटनाक्रम सामने आया, जिसने हर संवेदनशील मन को झकझोर कर रख दिया। मनासा दौरे के दौरान जब मुख्यमंत्री का काफिला गुजरा, तो कुकड़ेश्वर निवासी 21 वर्षीय नेहा माली अपनी फरियाद लेकर उनके वाहन के करीब जा पहुंचीं। सुरक्षा घेरे के कारण उन्हें रोक लिया गया और काफिला आगे बढ़ गया।
विजुअल में दिखाई दे रहा है कि मुख्यमंत्री आगे बढ़ गए और बेबस बेटी की यह गुहार कैमरे में कैद हो गई और देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सोशल मीडिया के जरिए यह मामला मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संज्ञान में आया, उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से नेहा को बुलवाया और उनसे आत्मीयता से मुलाकात की।

सीएम ने नेहा की मुलाकात डीएम से भी करवाई

मुख्यमंत्री ने नेहा से उसकी परेशानी सुनी और उन्हें ढांढस बंधाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और हर हाल में न्याय दिलाने का भरोसा भी दिया। तत्काल राहत के तौर पर उन्होंने नेहा की मुलाकात जिले के कलेक्टर से करवाई और आर्थिक संबल प्रदान करते हुए उनके बैंक खाते में एक लाख रुपये की सहायता राशि भी ट्रांसफर करवाई।

नेहा माली ने सीएम को बताया कि पिता के साये के उठ जाने और मां के साथ छूट जाने के बाद नेहा और उनकी छोटी बहन पूरी तरह बेसहारा हो गईं। अपने ही अपनों की प्रताड़ना और पैतृक संपत्ति पर कब्जे की कोशिशों ने दोनों बहनों को अपनी ही छत से बेघर होने की कगार पर ला खड़ा किया। स्थानीय स्तर पर बार-बार गुहार लगाने के बावजूद जब कहीं सुनवाई नहीं हुई, तो टूटी हुई उम्मीदों के साथ नेहा ने सीधे प्रदेश के मुखिया से अपनी पीड़ा कहने की ठानी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर कलेक्टर ने की मुलाकात

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देश पर, कलेक्टर हिमांशु चंद्र ने बुधवार शाम नेहा माली से मुलाकात की। उन्होंने नेहा की शिकायत सुनी और उन्हें भरोसा दिलाया कि उनके परिवार की संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि नियमों के अनुसार जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर को दिए गए आवेदन में नेहा ने बताया कि अपने पिता की संपत्ति और विरासत को लेकर उनका अपने परिवार के सदस्यों के साथ विवाद चल रहा है। उन्होंने कहा कि पिता की मृत्यु के बाद, उन्हें उस घर में रहने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसे वे अपना हिस्सा बताती हैं। उन्होंने घर के सामान और परिवार की अन्य संपत्ति के इस्तेमाल को लेकर भी चिंता जताई।

बता दें कि कुकड़ेश्वर निवासी नेहा माली (21) के पिता, मुकेश माली का निधन 21 नवंबर 2025 को हो गया था। उनकी मां ने पहले ही ‘नाता’ (पुनर्विवाह) कर लिया था और कहीं और चली गई थीं। इसके बाद, नेहा और उनकी छोटी बहन अपने पिता के घर में रहने लगी।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.